GovernmentNationalState NewsUttar Pradesh

जनता दर्शन में सीएम योगी ने कक्षा-8 के छात्र प्रिंस को दिया मार्गदर्शन

क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए आर्थिक सहायता और कोचिंग का भरोसा, बोले- खूब खेलो, लेकिन पढ़ाई भी जरूरी

लखनऊ, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में एक अभिभावक की भूमिका में नजर आए। गोंडा से आए कक्षा-8 के छात्र प्रिंस साहू ने मुख्यमंत्री से क्रिकेट खेलने के लिए आर्थिक सहायता और कोचिंग उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने उसकी बात ध्यान से सुनी और करीब 4-5 मिनट तक उसकी काउंसलिंग की।

मुख्यमंत्री ने बच्चे को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि बच्चे को आर्थिक सहायता के साथ क्रिकेट की कोचिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी।

खूब खेलो, लेकिन पढ़ाई भी जरूरी

गोंडा के इटियाथोक क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव निवासी प्रिंस साहू कक्षा-8 का छात्र है। उसे बचपन से क्रिकेट खेलने का शौक है और वह इस क्षेत्र में अपना नाम कमाना चाहता है। हालांकि, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह क्रिकेट की फीस भरने और किट खरीदने में असमर्थ है।

मुख्यमंत्री ने उसे सलाह दी कि वह खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी ध्यान दे और अच्छे अंकों से कक्षा उत्तीर्ण करे। इसके बाद उसकी क्रिकेट कोचिंग में दाखिले की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां मौजूद सभी फरियादियों से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक कर लोगों के प्रार्थना पत्र लिए और उनकी समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि फरियादियों को संतुष्टि मिल सके।

धन के अभाव में नहीं रुकेगा इलाज

मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को आश्वस्त किया कि धन के अभाव में किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि इलाज का एस्टीमेट मिलते ही सरकार जरूरतमंदों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी।

इसके अलावा पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजकर जल्द समाधान के निर्देश दिए।

Advertisments

Related Articles

Back to top button