State NewsUttar Pradesh

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली फिर बना प्रदेश में नंबर-1, पीलीभीत दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सुशासन, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी के मामले में बरेली ने एक बार फिर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की समग्र रैंकिंग में बरेली प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जबकि पीलीभीत ने दूसरा और रामपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीनों जिलों की इस उपलब्धि को बेहतर प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है।

बरेली को मिले 9.37 अंक, प्रदेश में पहला स्थान

बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जिले में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है। सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। अक्टूबर माह की रैंकिंग में बरेली को 10 में से 9.37 अंक प्राप्त हुए हैं, जिसके साथ जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं पीलीभीत को 9.29 अंक मिले और उसने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

9.12 अंकों के साथ रामपुर प्रदेश में तीसरे स्थान पर

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, फीडबैक की गुणवत्ता, विकास कार्यों और राजस्व प्रबंधन सहित विभिन्न मानकों पर किया जाता है। अक्टूबर माह की रैंकिंग में रामपुर ने 10 में से 9.12 अंक यानी 91.20 प्रतिशत प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही रामपुर ने मुरादाबाद मंडल में लगातार 10वें महीने प्रथम स्थान बरकरार रखा है।

मुरादाबाद मंडल के अन्य जिलों में मुरादाबाद ने प्रदेश में 10वां, संभल ने 13वां, अमरोहा ने 45वां और बिजनौर ने 60वां स्थान प्राप्त किया है।

टॉप-10 में इन जिलों ने भी बनाई जगह

सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की रैंकिंग में शाहजहांपुर ने 9.11 अंकों के साथ चौथा, ललितपुर ने 9.10 अंकों के साथ पांचवां और बागपत ने 9.08 अंकों के साथ छठा स्थान हासिल किया। इसी क्रम में हमीरपुर 9.05 अंकों के साथ सातवें, अंबेडकरनगर 9.01 अंकों के साथ आठवें, आजमगढ़ 9.00 अंकों के साथ नौवें और मुरादाबाद 8.99 अंकों के साथ दसवें स्थान पर रहा।

सीएम डैशबोर्ड की इस रैंकिंग से स्पष्ट है कि प्रदेश में जिलास्तर पर प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं और जनशिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी की जा रही है। बरेली, पीलीभीत और रामपुर का शीर्ष तीन स्थानों पर रहना संबंधित जिलों के प्रशासनिक प्रदर्शन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button