State NewsUttar Pradesh

धनतेरस पर ओडीओपी उत्पादों को उपहार स्वरूप चुनें: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

प्रदेशवासियों से की ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाने की अपील, कहा- एक खरीदारी से हुनरमंद परिवारों को मिलेगा स्वावलंबन और सम्मान

लखनऊ, 6 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को धनतेरस एवं भगवान धन्वंतरि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस धनतेरस पर प्रदेशवासी एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) के उत्पादों को उपहार स्वरूप चुनें। आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के आंगन में स्वावलंबन और सम्मान का दीप जला सकती है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि धनतेरस का पावन पर्व समृद्धि, शुभता और मंगल का प्रतीक है। इस अवसर पर प्रदेश के कारीगरों और शिल्पकारों को भी उत्सव की खुशियों में सहभागी बनाना चाहिए, जिनकी कला और मेहनत प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध कर रही है।

प्रदेश के पारंपरिक शिल्पों को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक उत्पादों का उल्लेख करते हुए कहा कि भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज का मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौने उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 में 84 हजार करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। यह प्रदेश के शिल्पकारों और दस्तकारों की उद्यमशीलता एवं सामर्थ्य को दर्शाता है। लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के आधुनिक एक्सपो मार्ट तथा भदोही का कार्पेट बाजार पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक मंच प्रदान कर रहे हैं।

‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाकर मनाएं लोकल वाली दिवाली

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ओडीओपी उत्पादों को अपनाकर प्रदेशवासी स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों की आर्थिक मजबूती में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी से ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाने और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

धनतेरस पर 4,543 पुलिसकर्मियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि धनतेरस के पावन अवसर पर लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित 4,543 उप निरीक्षकों एवं प्लाटून कमांडरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने एक बार फिर प्रदेशवासियों को धनतेरस एवं भगवान धन्वंतरि जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button