State NewsUttar Pradesh

‘PDA में ‘डी’ का मतलब दूर से प्रणाम’, ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला

लखनऊ, 5 नवंबर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के PDA में ‘D’ का मतलब दलितों को दूर से प्रणाम करना है। राजभर ने सोशल मीडिया के माध्यम से तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को जमीन पर उतरकर आम जनता से मिलना चाहिए, तभी उन्हें उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव की वास्तविक जानकारी मिलेगी।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव रामपुर जाकर ‘A’ यानी अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों से मिलते हैं और बनारस में ‘P’ यानी पिछड़े वर्ग के लोगों के घर-दुकानों पर पहुंचते हैं, लेकिन ‘D’ यानी दलितों से दूरी बनाए रखते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि PDA की राजनीति करने वाले अखिलेश यादव दलित परिवारों का हाल जानने उनके बीच क्यों नहीं जाते?

योगी सरकार में मिल रहे पक्के घर और रोजगार के अवसर

कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि योगी सरकार में दलित परिवारों को पक्के मकान, शौचालय और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही बच्चों की शिक्षा और युवाओं के रोजगार के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा गया।

‘आम जनता के बीच जाकर देखें बदलाव’

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें केवल अपने नेताओं और समर्थकों से ही नहीं, बल्कि आम जनता से भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांवों और गरीब परिवारों के बीच जाकर जमीनी हकीकत देखने पर ही प्रदेश में हुए विकास कार्यों का आकलन किया जा सकता है। राजभर ने दावा किया कि मौजूदा सरकार में गरीबों, दलितों और वंचित वर्गों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button