State NewsUttar Pradesh

जनता दर्शन में CM योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, बोले— पीड़ितों का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

अवैध कब्जा करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई, अधिकारियों को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

लखनऊ, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ के भाव से जनसेवा कर रही है। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उसकी समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

पीड़ितों को दिया समस्या के समाधान का भरोसा

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के पास पहुंचे और एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

अवैध कब्जे और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने और कमजोर लोगों को उजाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जमीन-जायदाद से जुड़े पारिवारिक विवादों में संबंधित पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया जाए।

राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों में पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरतने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण न्यायसंगत तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

मासूम को चॉकलेट देकर जीता दिल

जनता दर्शन के दौरान एक भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। अपनी मां के साथ आए एक छोटे बच्चे से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्नेहपूर्वक बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चा मुस्कुराने लगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट दी, जिसे पाकर मासूम खुशी से खिलखिला उठा। मुख्यमंत्री और बच्चे के बीच इस आत्मीय संवाद को देखकर वहां मौजूद लोग भी प्रसन्न हो उठे।

Advertisements….

Related Articles

Back to top button