State NewsUttar Pradesh

युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करना ही नए उत्तर प्रदेश के विकास का संकल्प: सीएम योगी

बिल्हौर-बिठूर को 411 करोड़ रुपये की 48 विकास परियोजनाओं की सौगात, लखनऊ में जीसीसी इनोवेशन समिट 2026 का करेंगे शुभारंभ

लखनऊ, 26 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार, निवेश को प्रोत्साहन और नवाचार के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करना ही नए उत्तर प्रदेश के विकास का संकल्प है। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर कानपुर नगर के बिठूर में बिल्हौर एवं बिठूर विधानसभा क्षेत्रों की 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि प्रदेश में विकास परियोजनाओं के साथ-साथ निवेश और नवाचार के माध्यम से युवाओं के भविष्य को संवारने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में लखनऊ में जीसीसी इनोवेशन समिट 2026 का शुभारंभ किया जाएगा। वैश्विक कंपनियों एवं विश्वविद्यालयों के साथ होने वाले समझौता ज्ञापनों (एमओयू) से तकनीकी अनुसंधान, नवाचार और उच्च कौशल आधारित रोजगार की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

विरासत और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेकर भविष्य की नई संभावनाओं का निर्माण कर रहा है। महर्षि वाल्मीकि की रामायण भारतीय संस्कृति, ज्ञान, मर्यादा और लोककल्याण की महत्वपूर्ण धरोहर है। वहीं, जीसीसी इनोवेशन समिट प्रदेश को वैश्विक तकनीक, नवाचार और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की ज्ञान-साधना ने भारतीय समाज को युगों तक दिशा दी है। आज विज्ञान और तकनीक के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को नए अवसरों से जोड़ने तथा उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने की आवश्यकता है। विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना विरासत, शिक्षा और तकनीक के समन्वय से साकार होगी।

निवेश और रोजगार के नए अवसरों पर फोकस

मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में औद्योगिक एवं तकनीकी क्षमताओं के अनुरूप निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार बड़ी चुनौती था। वर्तमान में बेहतर कनेक्टिविटी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेशोन्मुख नीतियों के आधार पर उत्तर प्रदेश नई संभावनाएं विकसित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उत्तर प्रदेश भी इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।

अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश के युवाओं को अपनी ही धरती पर वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के अवसर मिलें। उन्होंने विश्वास जताया कि सांस्कृतिक विरासत से संस्कार, शिक्षा से सामर्थ्य और तकनीक से समृद्धि के नए मार्ग प्रशस्त होंगे। इससे उत्तर प्रदेश ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था में वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका और मजबूत कर सकेगा।

Advertisements……

Related Articles

Back to top button