State NewsUttar Pradesh

नूरानपुर में श्रीराम कथा के समापन पर सीएम योगी के संभावित आगमन की तैयारियां तेज

26 अक्टूबर से शुरू होगी श्रीराम कथा, आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति ने पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

पीलीभीत। जनपद के नूरानपुर में 26 अक्टूबर से शुरू होने वाली श्रीराम कथा के समापन दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से महंत योगी हनुमान नाथ के नेतृत्व में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

महंत योगी हनुमान नाथ, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह और व्यापार मंडल महामंत्री अवनीश जायसवाल के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में अतिथियों के स्वागत, खानपान, जलपान, यातायात, टेंट-पंडाल और सजावट सहित अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान व्यवस्थापक कमेटी के अध्यक्ष अक्षत चंदेल भी मौजूद रहे।

बैठक में व्यापार मंडल महामंत्री अवनीश जायसवाल ने अपनी टीम को खानपान की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं, राष्ट्रीय योगी सेना के जिलाध्यक्ष सुमित शर्मा के नेतृत्व में लगभग 50 लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की जाएगी। विश्व हिंदू परिषद को यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि टेंट-पंडाल की व्यवस्था विजय गंगवार संभालेंगे। महिला मोर्चा की शिवानी जायसवाल को रंगोली और अन्य सजावटी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम के मीडिया प्रबंधन की जिम्मेदारी मीडिया प्रभारी दीपक गुप्ता को दी गई है। उनके सहयोग के लिए अंकित शर्मा और अरविंद कुमार मौर्य को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति ने सभी पदाधिकारियों से समय से तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं एवं अतिथियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर उत्साह

श्रीराम कथा के समापन दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन की चर्चा से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में आयोजन समिति फिलहाल कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है, ताकि कथा का आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button