State NewsUttar Pradesh

शिल्प को आधुनिक तकनीक और नए बाजार से जोड़ा पीएम मोदी ने: सीएम योगी

विश्वकर्मा जयंती पर गोरखपुर के श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना

यूपी में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी व शिल्प से जुड़कर स्वावलंबन की राह पर: मुख्यमंत्री

गोरखपुर, 17 सितंबर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जटाशंकर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के शिल्पकारों, कारीगरों और समस्त नागरिकों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।

पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो देश अपने शिल्पकारों और कारीगरों को सम्मान देता है, वही प्रगति करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी भावना के साथ पीएम विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया है। इसके माध्यम से शिल्प और कारीगरी को आधुनिक तकनीक तथा नए बाजारों से जोड़ने का काम किया गया है।

प्रशिक्षण और टूलकिट से बढ़े रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजमिस्त्री, बढ़ई, हलवाई, सोनार सहित विभिन्न पारंपरिक कारीगरी से जुड़े लोगों के लिए उनका हुनर ही स्वावलंबन का आधार रहा है। हालांकि, आजादी के बाद लंबे समय तक शिल्प और कारीगरी उपेक्षा का शिकार रही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ने शिल्पकारों और कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट और रोजगार के विभिन्न अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार के प्रोत्साहन से उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग कारीगरी और शिल्प से जुड़कर रोजगार एवं स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़े हैं।

भगवान विश्वकर्मा और पीएम मोदी को बताया शिल्पी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 17 सितंबर का दिन विशेष महत्व रखता है। एक ओर आज सृष्टि के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के कारीगर और शिल्पी अपने हुनर की पूजा कर सृष्टि के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि देश को लंबे समय तक उनका मार्गदर्शन मिलता रहे और विकसित भारत की परिकल्पना साकार हो।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री विश्वकर्मा पूजनोत्सव’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर समिति के अध्यक्ष दयानंद शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, स्थानीय पार्षद छट्ठीलाल गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित मंदिर समिति से जुड़े जयप्रकाश शर्मा, अनूप शर्मा, अजय विश्वकर्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Advertisements…..

Related Articles

Back to top button