State NewsUttar Pradesh

पीलीभीत सदर सीट पर दावेदारी की तैयारी में रालोद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने पीलीभीत में अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही एनडीए गठबंधन के तहत पीलीभीत सदर विधानसभा सीट पर दावेदारी की तैयारी के संकेत मिले हैं।

मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में रालोद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत पत्रकार वार्ता से हुई। इस दौरान रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्र, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र सिंह खजूरिया, क्षेत्रीय तराई अध्यक्ष पीके पटेल और ब्रह्मपाल सिंह तोमर ने संगठन की स्थिति और आगामी चुनाव की तैयारियों पर जानकारी साझा की।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एनडीए गठबंधन के तहत जिले की एक विधानसभा सीट पर रालोद अपनी दावेदारी मजबूत करने की तैयारी में है। पीलीभीत सदर सीट को लेकर पार्टी स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ने की चर्चा है। वरिष्ठ प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी को भी इसी चुनावी कवायद से जोड़कर देखा जा रहा है।

बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। संभावित सीट पर पार्टी की राजनीतिक स्थिति मजबूत करने को लेकर भी पदाधिकारियों ने मंथन किया।

रालोद जिलाध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। जिला महासचिव पुष्पेंद्र सिंह और नगर अध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी ने भी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया।

वरिष्ठ नेताओं के दौरे और बैठक के बाद जिले में रालोद की चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। हालांकि, विधानसभा सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला एनडीए गठबंधन स्तर पर ही होना है।

बैठक में सुभाष आनंद, राकेश मित्तल, अमन जाटव, राकेश श्रीवास्तव, शैलेन्द्र शुक्ला, रोहित मिश्रा उर्फ मिंटू मिश्रा, टीएस खान, रिजवान, नरेश सक्सेना, अमनोल मित्तल, सोनू समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement…..

Related Articles

Back to top button