क्वांटम मैकेनिक्स चैलेंज में श्रेयस ने लहराया परचम

अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड में मिला ‘गोल्ड हॉनर’, 82 देशों के 50 हजार विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
बरेली। विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री गुलाबराय मॉन्टेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीताल रोड ब्रांच की कक्षा 10 के छात्र श्रेयस सौरभ ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया है। श्रेयस ने जर्मनी के हैम्बर्ग स्थित संस्था एडुहार्बर द्वारा आयोजित ग्लोबल क्वांटम मैकेनिक्स चैलेंज 2026 के जूनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘गोल्ड हॉनर फॉर एक्सेप्शनल परफॉर्मेंस’ हासिल किया।
ऑनलाइन आयोजित इस अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड में विद्यार्थियों की क्वांटम फिजिक्स की समझ, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल का परीक्षण किया गया। प्रतियोगिता में 82 देशों के करीब 50 हजार विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसे जूनियर (अंडर-16), यूथ (16 से 25 वर्ष) और सीनियर (26 वर्ष से अधिक) तीन आयु वर्गों में आयोजित किया गया।
प्रतियोगिता का क्वालिफिकेशन राउंड 29 जून को हुआ, जिसमें करीब 50 हजार प्रतिभागियों में से लगभग एक हजार विद्यार्थियों का चयन सेमीफाइनल के लिए किया गया। सेमीफाइनल 26 जुलाई को आयोजित हुआ। इसके बाद विभिन्न चरणों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 82 देशों के करीब 500 प्रतिभागियों ने 25 अगस्त को फाइनल राउंड में हिस्सा लिया।

फाइनल तक पहुंचने वाले श्रेयस ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और विषय पर मजबूत पकड़ का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड हॉनर प्राप्त किया। क्वांटम मैकेनिक्स जैसे आधुनिक एवं चुनौतीपूर्ण वैज्ञानिक क्षेत्र में यह अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि उनकी वैज्ञानिक सोच, विषय के प्रति रुचि और निरंतर मेहनत को दर्शाती है।
श्रेयस की सफलता पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश जौली, निदेशक त्रिजित अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां विद्यालय के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ अन्य छात्रों को विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
विद्यालय परिवार ने श्रेयस के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
Advertisement……





