यूपी–उत्तराखंड जोन के सर्वश्रेष्ठ प्रधानाचार्य बने रणवीर सिंह रावत

बरेली। जीआरएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नैनीताल रोड शाखा के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत को उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड जोन के प्रतिष्ठित ‘एसओएफ बेस्ट जोनल प्रिंसिपल अवॉर्ड 2025–26’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान साइंस ओलंपियाड फाउंडेशन (SOF) द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, शैक्षणिक नवाचार और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस सम्मान के अंतर्गत उन्हें ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र एवं ₹10,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। विद्यालय ने गत शैक्षणिक सत्र में एसओएफ द्वारा आयोजित विभिन्न ओलंपियाड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के 812 विद्यार्थियों ने विभिन्न ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की, जिसके आधार पर प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला।
प्रधानाचार्य की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश अग्रवाल तथा संयुक्त निदेशक त्रिजित अग्रवाल सहित समस्त विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्कृति, विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां अर्जित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करेगा।
Advertisement….





