बरेली में मेडिकल छात्रा कशिश पटेल हत्याकांड

राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, सख्त कार्रवाई का दिलाया भरोसा
बरेली, 16 जुलाई। ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, पीलीभीत की छात्रा कशिश पटेल की निर्मम हत्या के मामले को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने गंभीरता से लिया है। आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे ने गुरुवार को अपनी टीम के साथ बरेली के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र स्थित ग्राम केसरपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
मृतका के परिजनों ने आयोग की सदस्य को बताया कि आरोपी छात्र सागर सिंह लंबे समय से कशिश को परेशान और प्रताड़ित कर रहा था। इस संबंध में कशिश ने मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा से मौखिक शिकायत भी की थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही और शिकायत को गंभीरता से न लेने के कारण यह दर्दनाक घटना हुई। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ शिकायत की अनदेखी करने वाली प्राचार्य के विरुद्ध भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।
राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि आयोग इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और मृतका को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि आरोपी छात्र के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही, शिकायत के प्रति कथित संवेदनहीनता बरतने के आरोपों को लेकर प्राचार्य की भूमिका की जांच कराई जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी जाएगी।
आयोग ने स्पष्ट किया कि इस जघन्य हत्याकांड में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Advertisement…..





