State NewsUttar Pradesh

फैक्ट्री में दलित कर्मचारी की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप; भीम आर्मी ने शव रखकर किया प्रदर्शन

बरेली, सीबीगंज। सीबीगंज क्षेत्र स्थित सुप्रियर इंडस्ट्रीज लिमिटेड (शराब फैक्ट्री) में कार्यरत दलित कर्मचारी सत्यपाल सागर की फैक्ट्री परिसर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या का मामला बताया है।

परिजनों का आरोप है कि काम को लेकर मृतक सत्यपाल सागर का फैक्ट्री के सुपरवाइजर दिनेश मिश्रा, प्रोडक्शन मैनेजर विशाल, कुलदीप तथा फैक्ट्री मालिक प्रदीप अग्रवाल एवं मनीष अग्रवाल से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने सत्यपाल सागर को जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया और कन्वेयर बेल्ट की ओर धक्का दे दिया, जिससे वह बेल्ट में दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन फैक्ट्री के बाहर एकत्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट, मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम, जिला उपाध्यक्ष सैम मैसी, महानगर अध्यक्ष रियाज अहमद सहित संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।

भीम आर्मी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घटनास्थल पर पहुंचकर देर रात शव को वहीं रखकर प्रदर्शन किया तथा फैक्ट्री मालिकों सहित नामजद सभी आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

मौके पर पहुंचे सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा तथा सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद भीम आर्मी के पदाधिकारियों और परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक के परिजन घटना को सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button