State NewsUttar Pradesh

16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, 14-15 जुलाई को होगा संकीर्तन

बरेली। श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर, बाग विरक्तान, सिकलापुर में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में श्री राधा संकीर्तन मंडल ट्रस्ट (रजि.), बरेली के पदाधिकारियों ने भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा एवं धार्मिक आयोजनों की जानकारी दी।

संस्था के महामंत्री अनुज अग्रवाल ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथ यात्रा मंदिर प्रांगण से धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। रथ यात्रा के शुभ अवसर पर 14 एवं 15 जुलाई को मंदिर परिसर में भव्य संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि रथ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भगवान जगन्नाथ का महाभिषेक, विशेष पूजन, हवन एवं भव्य श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रथ यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।

रथ यात्रा श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर से प्रारंभ होकर ताड़ी खाना रोड, साहू गोपीनाथ, सिकलापुर फर्नीचर मार्केट, नगर निगम के पीछे, पटेल चौक, सिविल लाइंस, हनुमान मंदिर, नोवेल्टी रोडवेज सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी।

यात्रा में भगवान गणेश, राम दरबार, युगल सरकार एवं शिव परिवार की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही श्री राधा संकीर्तन मंडल द्वारा संकीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा तथा चंदौसी का प्रसिद्ध बैंड भी रथ यात्रा की शोभा बढ़ाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के रथ को खींचते हुए यात्रा में सहभागिता करेंगे।

रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। मार्ग में शहर की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा भगवान जगन्नाथ का भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।

प्रेस वार्ता में आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से रथ यात्रा एवं धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button