सरकारी परियोजनाओं में देरी बर्दाश्त नहीं होगी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी से लागत बढ़ती है और आम जनता को विकास कार्यों का लाभ समय पर नहीं मिल पाता।
राज्य स्तरीय प्रगति (PRAGATI) समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने ₹75 करोड़ से अधिक लागत वाली 12 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने, कार्यों की नियमित निगरानी करने और बिना ठोस कारण समय सीमा बढ़ाने के प्रस्ताव न भेजने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य विकास कार्यों को तेज गति से पूरा कर नागरिकों को बेहतर सड़क, आधारभूत ढांचा और सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि राज्य के विकास को नई गति मिल सके।





