भारी बारिश को लेकर धामी सरकार अलर्ट, प्रशासन को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम विभाग द्वारा पर्वतीय जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों और आपदा प्रबंधन विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि मौसम विभाग की चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाए।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।
Advertisement…





