धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने के आरोप में पूर्व प्रधान गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

मीरगंज (बरेली)। मीरगंज थाना क्षेत्र के सैंजना गांव में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में रीशागढ़ इलाके के भुड़सी गांव के पूर्व प्रधान प्रेमपाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से धार्मिक प्रचार सामग्री, ईसाई धर्म से संबंधित पुस्तकें, हस्तलिखित नोटबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ में उसने लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात स्वीकार की है।
ग्रामीण के घर में चल रहा था धार्मिक प्रचार
रीशागढ़ इलाके के निवासी ने मीरगंज के सैंजना गांव में अवैध रूप से धार्मिक सभा आयोजित किए जाने की शिकायत पुलिस से की थी। आरोप था कि एक ग्रामीण के घर में ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए सभा आयोजित की जा रही थी। वहां धार्मिक प्रचार सामग्री का वितरण भी किया जा रहा था।
शिकायत में कहा गया कि विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जा रहा था तथा हिंदू धर्म के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई थीं।
ईसाई धर्म की पुस्तकें और प्रचार सामग्री जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी के पास से छह धार्मिक पुस्तकें, एक हस्तलिखित नोटबुक और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद सामग्री को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है।
आरोपी ने स्वीकार किए आरोप
एसपी (दक्षिण) अंशिका वर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी प्रेमपाल ने स्वयं को ईसाई धर्म का प्रचारक बताया। उसने स्वीकार किया कि वह काफी समय से गांवों में जाकर लोगों को ईसाई धर्म के बारे में जानकारी दे रहा था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मौके से फरार हो गया है। बाद में मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह नगरिया सादात फाटक के सामने अंडरपास के नीचे से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Advertisement…..





