सुरक्षित डिजिटल भुगतान के लिए सतर्क रहें, अपनाएं सुरक्षित आदतें: एसबीआई कार्ड

लखनऊ। डिजिटल लेन-देन के बढ़ते चलन के साथ साइबर धोखाधड़ी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में ग्राहकों को सुरक्षित भुगतान की आदतें अपनाने की जरूरत है। एसबीआई कार्ड की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) सलिला पांडे ने कहा कि आज ग्राहक खरीदारी, यात्रा बुकिंग, बिल भुगतान और अन्य दैनिक खर्चों के लिए डिजिटल माध्यमों का व्यापक उपयोग कर रहे हैं। हालांकि, बढ़ते डिजिटल उपयोग के साथ साइबर अपराधी भी नए और उन्नत तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आरबीआई की वार्षिक रिपोर्ट 2025–26 के अनुसार, देश में दर्ज कुल वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में लगभग 74 प्रतिशत मामले कार्ड और इंटरनेट आधारित धोखाधड़ी से जुड़े हैं। इन घटनाओं के कारण लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक तनाव और असुविधा का भी सामना करना पड़ता है।
सलिला पांडे ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था का भविष्य ग्राहकों के विश्वास पर आधारित है। उद्योग लगातार अत्याधुनिक सुरक्षा तकनीकों, डेटा सुरक्षा और ग्राहक संरक्षण के लिए निवेश कर रहा है। लेकिन तकनीकी सुरक्षा के साथ ग्राहकों की जागरूकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यदि ग्राहक ओटीपी, पिन, सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ईमेल की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से करें, तो अधिकांश धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।
एसबीआई कार्ड ने ग्राहकों को दी ये प्रमुख सलाह
- केवल विश्वसनीय वेबसाइटों और आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से ही खरीदारी करें।
- मोबाइल एप्लिकेशन केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से डाउनलोड करें।
- कार्ड नंबर, पिन, ओटीपी और सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
- किसी अनजान व्यक्ति के साथ मोबाइल या कंप्यूटर की स्क्रीन शेयर न करें।
- फर्जी कॉल, ईमेल, एसएमएस, ई-चालान, डिलीवरी अपडेट और टैक्स नोटिस जैसे संदेशों से सतर्क रहें।
- किसी भी संदिग्ध अनुरोध की पुष्टि केवल आधिकारिक ग्राहक सेवा से ही करें।
- सोशल मीडिया पर शिकायत करते समय अपनी निजी बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
- अनजान लिंक, क्यूआर कोड या एपीके फाइलों पर क्लिक करने से बचें।
- सभी डिजिटल लेन-देन के लिए अलर्ट और नोटिफिकेशन सक्रिय रखें।
- नियमित रूप से अपने बैंक और कार्ड स्टेटमेंट की जांच करते रहें।
एसबीआई कार्ड ने ग्राहकों से अपील की है कि डिजिटल भुगतान करते समय सतर्क रहें और सुरक्षित वित्तीय आदतें अपनाकर साइबर धोखाधड़ी से स्वयं को सुरक्षित रखें।
Advertisement…





