लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में बड़ा एक्शन

बिना एनओसी के दो होटल सील, कोचिंग सेंटर और मॉल भी जांच के दायरे में
लखनऊ अग्निकांड के बाद शासन के सख्त निर्देशों पर बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को बीडीए ने सेटेलाइट बस अड्डा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) संचालित हो रहे दो होटलों को सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद होटल संचालकों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया।
भारी पुलिस बल के साथ हुई कार्रवाई
मंगलवार को बीडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ सेटेलाइट बस अड्डा क्षेत्र में स्थित रजानी होटल एवं सेटेलाइट होटल एंड रेस्टोरेंट पहुंची। अधिकारियों ने अग्निसुरक्षा व्यवस्थाओं और आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में आवश्यक एनओसी एवं सुरक्षा मानकों का अभाव पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सीलिंग की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।
अग्निसुरक्षा में लापरवाही पर सख्त रुख
अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ में हुई दुखद घटना के बाद प्रशासन किसी भी प्रकार की लापरवाही को लेकर गंभीर है। अग्निसुरक्षा और भवन मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। बीडीए की यह कार्रवाई शहर में सुरक्षा मानकों को लेकर एक स्पष्ट संदेश के रूप में देखी जा रही है।

कोचिंग सेंटर, मॉल और व्यावसायिक भवनों की जांच
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने मंगलवार सुबह शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां सामने आईं। कई संस्थानों में आवश्यक एनओसी एवं अन्य दस्तावेज अधूरे पाए गए, जिस पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए गए।
नियमों के उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई
उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने कहा कि बच्चों और आम जनता की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना अनुमति संचालन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अन्य होटल और लॉज भी रडार पर
शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित कई होटल, लॉज और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास फायर विभाग की एनओसी अथवा स्वीकृत नक्शा नहीं है। बीडीए की टीम ऐसे संस्थानों की सूची तैयार कर रही है। आने वाले दिनों में सीलिंग अभियान और तेज किए जाने की संभावना है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सुरक्षा मानकों से समझौता करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Advertisement…





