GovernmentPolitics

दमदम में योगी के रोड-शो में उमड़ा जनसैलाब

“योगी-योगी” के नारों से गूंजा इलाका, बंगाल में बदलाव का दिया संदेश


पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दमदम में आयोजित दूसरे रोड-शो में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। तेज धूप के बावजूद हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर जुटे और “योगी-योगी”, “जय श्रीराम” व “वंदे मातरम” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने दमदम विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अरिजीत बख्शी के समर्थन में वोट मांगे, जहां समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया और जगह-जगह पुष्पवर्षा की। रोड-शो के दौरान बाल कलाकार भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के रूप में आकर्षण का केंद्र बने रहे, वहीं पारंपरिक परिधान में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने “जय मां काली, जय श्रीराम, हर-हर महादेव” का जयघोष करते हुए कहा कि अब पश्चिम बंगाल को तृणमूल कांग्रेस के शासन से मुक्ति दिलाने का समय आ गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में टेरर, माफियाराज और भ्रष्टाचार बढ़ा है, जिससे आम जनता और युवाओं को नुकसान हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि “डबल इंजन” की भाजपा सरकार बनने पर राज्य में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। रोड-शो के दौरान घरों की छतों और खिड़कियों से भी लोगों ने फूल बरसाए और “बुलडोजर बाबा जिंदाबाद” जैसे नारे गूंजते रहे, जिससे पूरा माहौल चुनावी रंग में सराबोर नजर आया।

Related Articles

Back to top button