ReligiousState NewsUttar Pradesh

रामनवमी पर बरेली में भव्य कन्या पूजन, 500 से अधिक कन्याओं का हुआ सम्मान

बरेली। रामनवमी के पावन अवसर पर बरेली में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के महापौर डॉ. उमेश गौतम एवं उनके पुत्र, पार्थ गौतम फाउंडेशन के अध्यक्ष पार्थ गौतम द्वारा भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें 500 से अधिक कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान नन्हीं कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका तिलक किया गया और पुष्प अर्पित कर वंदन किया गया। “जय माता दी” और “जय श्री राम” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर पार्थ गौतम ने सेवा भावना का परिचय देते हुए स्वयं अपने हाथों से कन्याओं को हलवा-पूरी एवं चने का प्रसाद परोसा। महापौर डॉ. उमेश गौतम और पार्थ गौतम ने कन्याओं के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें “खुशियों के रंग, अपनों के संग” तथा “हर घर दिवाली” जैसे अभियानों से जुड़े परिवारों की कन्याओं ने भी भाग लिया। इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कन्याएं इस आयोजन में सम्मिलित हुईं।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने इस अवसर पर कहा कि कन्याएं साक्षात देवी का स्वरूप होती हैं और उनका पूजन करना सौभाग्य की बात है। वहीं पार्थ गौतम ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान देकर मुख्यधारा से जोड़ना है।

पूजन उपरांत सभी कन्याओं को उपहार एवं दक्षिणा प्रदान की गई, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि नारी सम्मान और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे संदेशों को भी समाज में प्रभावी रूप से प्रसारित किया।

Related Articles

Back to top button