लखनऊ में 4 मार्च को गूंजेगी अरिजीत सिंह की सुरमयी शाम

ला मार्टिनियर कॉलेज में होगा भव्य लाइव कॉन्सर्ट
लखनऊ, संवाददाता। राजधानी में संगीत प्रेमियों के लिए 4 मार्च 2026 को एक खास शाम सजने जा रही है। देश के लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर Arijit Singh का लाइव कॉन्सर्ट शहर के प्रतिष्ठित La Martiniere College परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन रेडरोज इवेंट्स द्वारा किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, यह कॉन्सर्ट शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि दर्शकों के लिए गेट्स शाम 5 बजे खोल दिए जाएंगे। कार्यक्रम में लगभग तीन घंटे का नॉन-स्टॉप म्यूजिकल परफॉर्मेंस होगा, जिसमें अरिजीत सिंह अपने चर्चित और सुपरहिट गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्था
कॉन्सर्ट में इंटरनेशनल स्टैंडर्ड साउंड सिस्टम, भव्य लाइटिंग और एलईडी विजुअल्स की व्यवस्था की जा रही है। ऐतिहासिक ला मार्टिनियर कॉलेज के ओपन-एयर माहौल में हजारों दर्शकों के एक साथ गुनगुनाने का अनुभव यादगार होने की उम्मीद है।
खानपान व अन्य सुविधाएं
कार्यक्रम स्थल पर लखनऊ के प्रसिद्ध व्यंजन और रिफ्रेशमेंट स्टॉल भी उपलब्ध रहेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से बोतल, नुकीली वस्तुएं और बाहरी खाद्य सामग्री लाने की अनुमति नहीं होगी। पार्किंग की सीमित व्यवस्था के चलते आयोजकों ने दर्शकों से समय से पहले पहुंचने या कैब सेवा का उपयोग करने की अपील की है।
टिकट व प्रवेश नियम
कॉन्सर्ट के टिकट ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ऑफलाइन पास और कॉरपोरेट बुकिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। प्रवेश के लिए डिजिटल या प्रिंटेड टिकट के साथ वैध पहचान पत्र अनिवार्य होगा। सीटिंग और स्टैंडिंग जोन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर निर्धारित किए जाएंगे।
संगीत प्रेमियों के लिए यह आयोजन खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। “अरिजीत सिंह की आवाज और लखनऊ का मिजाज” — इस अनूठे संगम की शाम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


