Education

जीआरएम स्कूल नैनीताल रोड ब्रांच में 12वीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह “स्वस्ति” आयोजित

बरेली। श्री गुलाबराय मोंटेसरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीआरएम स्कूल), नैनीताल रोड शाखा में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए भावनात्मक विदाई समारोह “स्वस्ति” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जूनियर विद्यार्थियों ने सीनियर्स को संदेश दिया— “हमें तुम याद करना और हमको याद आना तुम”, जिससे पूरा वातावरण भावुक हो उठा। समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधक राजेश जौली रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। वरिष्ठ गणित शिक्षक प्रकाश भट्ट, हिन्दी शिक्षिका सीमा मोइत्रा तथा नव-निर्वाचित हेड बॉय और हेड गर्ल ने 12वीं के विद्यार्थियों को तिलक लगाकर स्वागत किया। 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों—स्वागत नृत्य, समूह नृत्य, एकांकी, गायन एवं वादन—के माध्यम से सीनियर्स का भरपूर मनोरंजन किया। 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष गेम जोन भी आकर्षण का केंद्र रहा।

इस अवसर पर बारहवीं के सभी विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए शुभकामना संदेश सहित कक्षा का स्मृति-फोटोग्राफ भेंट किया गया। अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधक राजेश जौली ने कहा कि अब विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करना है, जिसमें विद्यालय में सीखी गई नैतिकता और अनुशासन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने जीवन की तुलना भवन निर्माण से करते हुए कहा कि नींव जितनी मजबूत होगी, भविष्य उतना ही सुदृढ़ बनेगा। साथ ही उन्होंने माता-पिता के सम्मान और उनके आशीर्वाद को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह रावत ने विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों और ईमानदारी को जीवन में सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल जीवन की समाप्ति के साथ जिम्मेदारियों का नया दौर शुरू होता है, जहां प्रत्येक निर्णय सोच-समझकर लेना आवश्यक है।

समारोह में पारुल अग्रवाल, ऋद्धि अग्रवाल, जूनियर विंग की समन्वयक विनीता सक्सेना सहित समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन मनीष भसीन, सानिया खान और शेफाली सक्सेना के निर्देशन में अद्विका सक्सेना, स्तुति खंडेलवाल, स्वस्ति सिंघल, आरव बंसल, स्वस्तिका गुप्ता, प्रशस्ति, सात्विक, जसमेहर, गौरव और राम्या रस्तोगी ने किया। कार्यक्रम की समन्वयक मणि साहनी एवं मुग्धा बिष्ट रहीं। आयोजन की सफलता में कक्षा 11 के सभी कक्षाध्यापकों एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button