State NewsUttar Pradesh

छावनी में रक्षा संपदा कार्यालय का लोकार्पण, 4.66 करोड़ की लागत से तैयार भवन

बरेली। रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपदा विभाग के अंतर्गत बरेली छावनी में नवनिर्मित रक्षा संपदा कार्यालय भवन एवं स्टाफ आवासों का शुक्रवार को महानिदेशालय रक्षा संपदा की महानिदेशक शोभा गुप्ता ने लोकार्पण किया।

उन्होंने उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि रक्षा संपदा कार्यालय बरेली, मध्य कमान की सबसे पुरानी इकाइयों में शामिल है। इसके अधिकार क्षेत्र में बरेली, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा की रक्षा भूमि, दो छावनियां, वायुसेना स्टेशन इज्जतनगर सहित कई कैंपिंग ग्राउंड आते हैं। पिछले वर्षों में कार्यालय ने रक्षा भूमि के डिजिटलीकरण, नामांतरण, अतिक्रमण हटाने, भूमि एवं संपत्ति सर्वेक्षण तथा लंबित मामलों के निस्तारण में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

वर्ष 2025 में वायुसेना स्टेशन बरेली स्थित ऑर्डिनेंस की महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 5,160 टन वैज्ञानिक एवं समयबद्ध तरीके से बेकार सामग्री के निस्तारण का कार्य भी पूरा किया गया।

करीब 4.66 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना के तहत आधुनिक कार्यालय भवन के साथ कर्मचारियों के लिए टाइप-2 और टाइप-3 आवास भी बनाए गए हैं। कार्यक्रम में प्रधान निदेशक रक्षा संपदा (मध्य कमान) भावना सिंह, निदेशक रक्षा संपदा (मध्य कमान) पुरुषेंद्र सिंह तथा सेना, वायुसेना, एमईएस, प्रशासन और विभिन्न रक्षा प्रतिष्ठानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement……

Related Articles

Back to top button