छोटी लेकिन बहुत ही खूबसूरत जगह है शोज़ा वैली,चारों ओर दूर-दूर तक फैली हरियाली

करीब 8750 फीट की ऊंचाई पर स्थित शोज़ा हिमाचल का एक छोटा सा गांव है। हिमाचल के सेराज घाटी में बसी यह जगह इतनी खूबसूरत है कि मन यहां से वापस आने का होता ही नहीं। यहां से न सिर्फ शिमला नारकंडा निकला जा सकता है बल्कि कुल्लू और मनाली भी पहुंचा जा सकता है। इस जगह को घूमने के लिए कम से कम तीन से चार दिन का वक्त चाहिए क्योंकि आसपास और भी बहुत सारी खूबसूरत जगहें हैं जिनके बारे में आइए जानते हैं।

तीर्थन घाटी
तीर्थन घाटी शोज़ा से करीब 22 किलोमीटर की दूरी पर है। यहां का ठंडा और शांत माहौल एडवेंचर प्रेमियों और एकांत की तलाश में रहने वालों के लिए बेस्ट है। यहीं पर तीर्थन नदी बहती है जो जंगल के बीचोंबीच स्थित है। नदी की आवाज सुनना और छोटे पत्थरों पर इसका पानी गिरने से होने वाली आवाज मन को शांत करती है। यहां लोग फिशिंग का लुत्फ भी उठाते हैं।
रघुपुर किला
इस प्राचीन किले के अवशेष अभी भी यहां हैं। यह एक ऐतिहासिक जगह है। इसके बारे में कहा जाता है कि इसे मंडी के शासकों ने खुद की सुरक्षा के लिए बनवाया था। इस किले की बाहरी दीवार अब तक बिल्कुल सही है। इसकी ऊंचाई करीब 11700 फीट पर है। जलोरी पास से यहां पहुंचने के लिए 3 किलोमीटर की ट्रैकिंग करनी पड़ती है जो कठिन, लेकिन बहुत रोमांचक है।
सेरोल्सर लेक
सेरोल्सर लेक वैसे तो एक छोटी-सी झील है, लेकिन इसकी खूबसूरती को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह जगह बिल्कुल किसी फिल्मी दृश्य सरीखी है, जो कैपिंग के लिए एकदम परफेक्ट है।
वॉटरफॉल प्वॉइंट
यह जगह शोज़ा से सिर्फ एक किलोमीटर की दूरी पर है। यहां पानी की कलकल बहती आवाज न सिर्फ आंखों को, बल्कि मन को भी सुकून देती है। इस बीच ठंडी हवा और पानी की आवाज एक साथ मिलकर इतना मद्धम संगीत बजाने लगती है कि गुनगुनाने का मन हो जाता है। पत्थरों से छनकर नीचे आता पानी कमाल का संगीत पैदा करता है। आप यहां घंटों बिना कुछ किए पानी में पैर डालकर बैठ सकते हैं। यहां शानदार तस्वीरें लेने का मोह नहीं छोड़ पाएंगे।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601