2027 में यूपी में फिर बनेगी भाजपा सरकार, हैट्रिक के साथ नया रिकॉर्ड बनाएंगे: CM योगी

लखनऊ, 18 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा सिर्फ हैट्रिक नहीं लगाएगी, बल्कि नया रिकॉर्ड भी बनाएगी।
एक निजी चैनल के ‘राइजिंग भारत समिट’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता एक बार फिर भाजपा को अपना समर्थन और आशीर्वाद देगी।
सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद और जातिवाद को लेकर हमला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टीकरण और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश को पीछे धकेला था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, लूटपाट और अपराध आम बात हो गई थी।
सीएम योगी ने कहा कि पहले व्यापारियों से रंगदारी मांगी जाती थी, बेटियां सुरक्षित नहीं थीं और युवाओं की नौकरियों में अनियमितताएं होती थीं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में भयमुक्त वातावरण और बेहतर कानून-व्यवस्था स्थापित की है।

दंगाइयों को लेकर सपा पर तीखा कटाक्ष
समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रदेश का मुख्यमंत्री दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास में माला पहनाकर सम्मानित करता था, वहां व्यवस्था का बिगड़ना स्वाभाविक था।
उन्होंने कहा, “आज दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, बल्कि उनके दंगापन का उपचार किया जाता है।”
सुशासन और कानून-व्यवस्था को बनाया चुनावी मुद्दा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सुरक्षा, सुशासन और विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में थानों, तहसीलों और जिलों तक पर दबंगों का प्रभाव था। भर्ती आयोगों में भी अनियमितताएं होती थीं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां परिवार से ज्यादा संगठन, विचारधारा और सिद्धांतों को महत्व दिया जाता है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर भाजपा 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।

Advertisments





