युवाओं के ज्ञान और करियर का केंद्र बना सूचना विभाग का पवेलियन

पुस्तकों, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री और सांस्कृतिक विरासत ने खींचा युवाओं का ध्यान
ग्रेटर नोएडा, 29 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पवेलियन पांच दिनों तक युवाओं के लिए ज्ञान, करियर और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का प्रमुख केंद्र बना रहा। पवेलियन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पुस्तकों के साथ प्रदेश की संस्कृति और प्रमुख धार्मिक स्थलों की जानकारी ने युवाओं को आकर्षित किया।
भारतीय इतिहास, संस्कृति, राजनीतिक विज्ञान, उभरते भारत, उभरते उत्तर प्रदेश और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी पुस्तकों में युवाओं ने विशेष रुचि दिखाई। ‘उत्तर प्रदेश वार्षिकी’ समेत कई पुस्तकों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं ने पसंद किया।

पवेलियन का सेल्फी जोन भी आकर्षण का केंद्र रहा। राम मंदिर अयोध्या, नमो घाट वाराणसी, प्रेम मंदिर वृंदावन और सारनाथ जैसे स्थलों की पृष्ठभूमि में युवाओं ने सेल्फी ली। इलेक्ट्रॉनिक ग्लोब के माध्यम से उभरते भारत और उभरते उत्तर प्रदेश की झलक भी दिखाई गई।
सेल्फी जोन पर युवाओं की भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई लोगों को अपनी बारी के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। सेल्फी लेने वाले युवाओं को सूचना विभाग की ओर से उपहार भी दिए गए।
पांच दिनों के दौरान पवेलियन ने युवाओं को ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री, प्रदेश की संस्कृति और डिजिटल माध्यम से विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
Advertisements……




