जातिसूचक टिप्पणी का विरोध करने पर मारपीट, चार पर मुकदमा दर्ज

बरेली। थाना सुभाषनगर क्षेत्र के महेशपुर ठाकुरान गांव में जातिसूचक टिप्पणी का विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग देर रात तक थाने पर डटे रहे।
पीड़ित दिनेश चंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई महेश चंद्र, नेपाल और धर्मवीर मंगलवार रात मजदूरी कर घर लौट रहे थे। गांव के मोड़ पर स्थित खाद्य गोदाम के पास रुकने के दौरान सतेंद्र सिंह चौहान, अंकित, राजकुमार सिंह और संजू सिंह वहां पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया और विरोध करने पर महेश चंद्र, नेपाल और धर्मवीर के साथ मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक दिन पहले भी सतेंद्र सिंह चौहान ने दिनेश चंद्र के साथ मारपीट की थी और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष के लोग थाने पहुंचे, जहां कुछ देर बाद आरोपी पक्ष भी पहुंच गया और अपनी ओर से कार्रवाई की मांग करने लगा। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखी।
सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांव में जातीय तनाव फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement…..





