State NewsUttar Pradesh

कोचिंग हादसे में दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि के बाद शुरू हुई हनुमत पूजा, सेवादारों का हुआ सम्मान

लखनऊ। अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मंगलवार को लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में हनुमत पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत बच्चों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा श्री हनुमान जी से शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

श्रद्धांजलि सभा के उपरांत प्राचीन मंदिर में श्री हनुमान जी का सिंदूरलेपन एवं विधि-विधान से पूजन प्रारंभ हुआ। श्री हनुमान जी के भव्य श्रृंगार के पश्चात मुख्य सेवादास डॉ. विवेक तांगड़ी (गुरु जी) ने आरती उतारी और भक्तों ने श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना में सहभागिता की।

इस अवसर पर सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह तथा मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. पंकज सिंह भदोरिया ने ट्रस्ट के सदस्यों एवं सेवादारों को उनके योगदान के लिए अंगवस्त्र एवं प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान दोपहर में श्रद्धालुओं के लिए पूड़ी-सब्जी एवं हलवे के भंडारे का आयोजन किया गया, जबकि शाम को आइसक्रीम एवं तहरी का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से रिद्धि किशोर गौड़, अलकेश सोती, आशीष अग्रवाल, लवलीन खोसला, सुरेंद्र सूदन, अखिलेश कुमार, आनंद मोहन, अजय मेहरोत्रा, प्रहलाद अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, अतुल सिंह सहित अनेक श्रद्धालु एवं सेवादार उपस्थित रहे।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button