पालिकाध्यक्ष की अनूठी पहल, शहर में लगाई गईं कूड़ा ट्रॉलियां

पीलीभीत।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद पीलीभीत द्वारा पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल के नेतृत्व में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पालिका परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया गया तथा शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़ा निस्तारण के लिए बड़ी ट्रॉलियां स्थापित कराई गईं।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि खुले में फेंके जाने वाले कूड़े को जानवर इधर-उधर फैला देते हैं, जिससे गंदगी बढ़ती है। इस समस्या के समाधान के लिए डस्टबिन के स्थान पर बड़ी कूड़ा ट्रॉलियां रखवाई गई हैं, जिनमें नागरिक सीधे कचरा डाल सकेंगे। ट्रॉली भरने पर पालिका कर्मचारी उसे निस्तारण स्थल तक पहुंचाकर पुनः उसी स्थान पर स्थापित करेंगे।
इसके अलावा गौहनिया चौराहा से माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग तक स्ट्रीट वेंडर्स को डस्टबिन वितरित कर स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। पालिकाध्यक्ष ने दुकानदारों से अपील की कि वे कूड़ा सड़क या नालियों में न फेंककर डस्टबिन में ही डालें तथा ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।

डॉ. आस्था अग्रवाल ने चेतावनी दी कि डस्टबिन उपलब्ध होने के बावजूद यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान कूड़ा खुले में अथवा नालियों में डालता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान गांधी स्टेडियम रोड स्थित कुछ मेडिकल स्टोरों के बाहर कूड़ा मिलने पर संबंधित संचालकों को भी कड़ी चेतावनी दी गई।
इस अवसर पर सभासदों, पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : प्रांजल गुप्ता, पीलीभीत




