State NewsUttar Pradesh

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई बस, चालक और बेटे की दर्दनाक मौत

पीलीभीत, संवाददाता। जनपद पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में निजी बस चालक और उसके 16 वर्षीय बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बारात छोड़कर लौट रही बस 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई।

जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद फारूक निवासी 65 वर्षीय सज्जन अपने पुत्र सुभान (16) के साथ निजी बस का संचालन करते थे। शनिवार को वह अपनी बस से एक बारात लेकर बरेली गए थे। रविवार देर रात बारातियों को गौनेरी गांव में उतारने के बाद वह बस को मोड़ रहे थे, तभी बस का ऊपरी हिस्सा वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया।

हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही पूरी बस में तेज करंट दौड़ गया। करंट लगने से चालक सज्जन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस के गेट के पास खड़े उनके पुत्र सुभान को जोरदार झटका लगा और वह दूर जा गिरा। गंभीर रूप से झुलसे सुभान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जहानाबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट इतना तेज था कि बस के अंदर की सीटें भी जल गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद चालक के शव को बस से बाहर निकाला जा सका।

एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने बताया कि सज्जन ने लगभग तीन वर्ष पूर्व कर्ज और अपनी जमा पूंजी से बस खरीदी थी, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता था। सुभान उनके दो बेटों में सबसे छोटा था।

घटना की सूचना पर सीओ सदर नताशा गोयल और जहानाबाद थाना प्रभारी जयशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हुई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित हाईटेंशन तार काफी समय से नीचे लटक रहा था और इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई थी। बावजूद इसके समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button