State NewsUttar Pradesh

प्रतिभा सम्मान समारोह में 1032 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

बरेली, संवाददाता। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के तत्वावधान में रविवार को संजय कम्युनिटी हॉल में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 1032 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा समाज को सशक्त और विकसित बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षित करने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित युवा ही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों का सम्मान उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों और विधायकों ने एक स्वर में समाज को संगठित होकर राष्ट्र एवं समाज सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही देश और प्रदेश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है।

कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी नेहाल सिंह ने बताया कि समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 1032 विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।

मंच संचालन प्रदेश महामंत्री पूरनलाल लोधी एवं मंडल अध्यक्ष भक्ति सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर महापौर डॉ. उमेश गौतम, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य महाराज सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रुति गंगवार, अधीर सक्सेना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement….

Related Articles

Back to top button