रोटरी क्लब की पहल: सरकारी स्कूलों में बदलेगी तस्वीर, छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में रोटरी क्लब अब सिर्फ चौराहों और पुलिस चौकियों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी सराहनीय पहल करते हुए स्कूलों की तस्वीर बदलने में जुट गया है। क्लब द्वारा ‘शिक्षा के मंदिर’ कहे जाने वाले विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इसी क्रम में ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए एक आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाया गया है, जिससे छात्र-छात्राओं में नए जोश का संचार हो रहा है।
इसके साथ ही रोटरी क्लब द्वारा बालिका विद्यालयों में विशेष ध्यान देते हुए आधुनिक शौचालयों का निर्माण, शुद्ध पेयजल के लिए वॉटर मशीन की व्यवस्था तथा भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए कूलर और पंखों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
क्लब की इस पहल से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है, जिससे उनकी पढ़ाई और समग्र विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।




