State NewsUttar Pradesh

ऐतिहासिक होली मिलन समारोह 4 मार्च को

सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बनेगा यह मेला

बरेली।
सर्वधर्म समभाव, सामाजिक सौहार्द और एकजुटता का प्रतीक 80वां ऐतिहासिक होली मिलन समारोह आगामी 4 मार्च 2026 को सायं 4 बजे से श्री गुलाबराय स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी द हिन्दू सोशल सर्विस ट्रस्ट की आज आयोजित बैठक में दी गई, जिसकी अध्यक्षता प्रेमशंकर अग्रवाल ने की।

बैठक में मेला संयोजक राजेश जौली ने बताया कि इस वर्ष भी मेले में लगने वाले शिविरों के शुल्क में किसी प्रकार की कोई वृद्धि नहीं की गई है तथा शिविरों की बुकिंग प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रतिवर्ष सामाजिक, राजनीतिक एवं सर्वधर्म समभाव की भावना को मजबूती प्रदान करता है।

इस ऐतिहासिक होली मिलन समारोह का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल महामहिम श्री संतोष कुमार गंगवार के कर कमलों से किया जाएगा। बैठक के दौरान समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा पदाधिकारियों द्वारा मेला स्थल का निरीक्षण भी किया गया।

आज की महत्वपूर्ण बैठक में पंकज अग्रवाल, जी.के. अग्रवाल, रोहित मेहरा, शिव शंकर अग्रवाल, संजय अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

गौरतलब है कि सामाजिक एकजुटता के प्रतीक इस होली मिलन समारोह की शुरुआत चौधरी तालाब से हुई थी, जिसका उद्घाटन प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत द्वारा किया गया था। तब से यह आयोजन निरंतर सामाजिक समरसता और भाईचारे की मिसाल बनता आ रहा है।

Related Articles

Back to top button