SportsUttar Pradesh

पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का चयन, डा.आरपी सिंह होंगे मुख्य चयनकर्ता

लखनऊ, 23 जून 2024। टोक्यो ओलंपिक की  ऐतिहासिक कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम इस बार पेरिस ओलंपिक में पदक के लिए मजबूत दावेदारी करेगी। इस दिशा में सोमवार से बेंगलुरु के साई सेंटर में शुरू होने वाले दो दिवसीय ट्रायल के माध्यम से आगामी पेरिस ओलंपिक के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम का चयन किया जाएगा।

इस टीम का चयन हॉकी इंडिया के मुख्य चयनकर्ता डॉ. आरपी सिंह की मौजूदगी में होगा। पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी व यूपी हॉकी के सचिव डा.आरपी सिंह उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक भी हैं। इस बारे में डा.आरपी सिंह ने कहा कि भारतीय हॉकी में वर्तमान मे बहुत सारे प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और हम पेरिस ओलंपिक में पोडियम पर पहुंचने के हकदार है और मेरा प्रयास होगा कि निष्पक्ष ट्रायल के माध्यम से समुचित टीम का चयन किया जाये।

पेरिस ओलंपिक खेलो में मुख्य चयनकर्ता डॉ. आरपी सिंह हॉकी इंडिया का भी प्रतिनिधित्व करेंगे जिनके कार्यकाल में भारतीय हॉकी टीम का प्रदर्शन निरंतर सुधार के पद पर अग्रसर हैं।
पिछले एक साल में पुरुष और महिला दोनों भारतीय टीमों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इसमें पुरुष टीम ने एशियाई खेल व एशियाई हॉकी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता, वहीं महिला टीम एशियाई हॉकी चैंपियनशिप में शीर्ष पर रही। इसके साथ ही जूनियर एशिया कप में लड़कों और लड़कियों दोनों टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया।

बताते चले कि एशियाई खेल-2023 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक-2024 का टिकट हासिल किया है। भारत की पुरुष टीम ने टोक्यो ओलंपिक-2020 में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था जो 41 साल के अंतराल के बाद हॉकी में भारत का पहला ओलंपिक पदक था। दूसरी ओर इस जनवरी में रांची में क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में कोटा न पाने के चलते भारतीय महिला हॉकी टीम पेरिस 2024 ओलंपिक में भाग नहीं लेगी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक-2024 ओलंपिक के लिए मौजूदा चैंपियन बेल्जियम के साथ पूल बी में रखा गया है। जुलाई-अगस्त में  होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए पूल बी में  भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, आयरलैंड और न्यूजीलैंड भी है।

इसमें  नवीनतम एफआईएच रैंकिंग में विश्व नंबर 2 बेल्जियम के बाद विश्व नंबर 3 टीम भारत अपने पूल में दूसरी सर्वश्रेष्ठ रैंक वाली हॉकी टीम होगी। इस पूल में टोक्यो ओलंपिक- 2020 की रजत पदक विजेता ऑस्ट्रेलिया (विश्व नंबर 6), अर्जेंटीना (7), न्यूजीलैंड (10) और आयरलैंड (11) पूल में अन्य चार टीमें हैं।

पेरिस ओलंपिक के लिए पूल ए में विश्व नंबर 1 नीदरलैंड, चौथी रैंकिंग जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन (5), स्पेन (8), मेजबान फ्रांस (9) और दक्षिण अफ्रीका (14) में शामिल है जो ओलंपिक में 12 टीमों के पुरुष हॉकी टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा के लिए उतरेंगी।  

Related Articles

Back to top button