लखनऊ से दुधवा के बीच हेली सर्विस शुरू, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह तथा वन पर्यावरण जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अरूण कुमार सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर लखनऊ से दुधवा के बीच हेली सर्विस का शुभारंभ किया। इस वायुयान सेवा से राज्य के इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यटकों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। दोनो मंत्रियों ने आज प्रातः चौधरी चरण सिंह अंतरर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 से पहली उड़ान से लखीमपुर के पलिया हवाई पट्टी के लिए रवाना हुए।
लखनऊ से पलिया तक हवाई सेवा के शुभारंभ के अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मा0 योगी आदित्यनाथ जी ने प्रकृति के साथ तारतम्य बैठाते हुए एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया है। इसी को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार द्वारा इको-टूरिज्म बोर्ड का गठन किया गया है, जो प्रदेश के टाइगर रिजर्व और नेशनल पार्क के आस-पास पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जा रहा है। दुधवा नेशनल पार्क, चूका बीच, पीलीभीत टाइगर रिजर्व तथा अन्य पर्यटन स्थलों तक सुविधाजनक यात्रा के लिए सड़क, रेल और हवाई संपर्क में लगातार सुधार किया जा रहा है। इको-टूरिज्म को लोकप्रिय बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी ने पर्यटको को दर्शनीय स्थलों तक कम समय में जाने के लिए हेली सेवायें प्रारंभ करने के निर्देश दिये थे। उत्तर प्रदेश जैसे प्राकृतिक विविधता पूर्ण प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने में यह सेवा मील का पत्थर साबित होगी। इसको सुचारू तथा निरंतर कार्यरत बनाने के लिए मेसर्स जेटसर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के साथ एमओयू साइन किया गया था। उन्होंने कहा कि पहले लखनऊ से दुधवा तक सड़क मार्ग से यात्रा करने में साढ़े चार घंटे से अधिक का समय लगता था। अब यह दूरी हेली सर्विस के माध्यम से एक घंटे में तय की जा सकती है। इससे घरेलू पर्यटकों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों को लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अयोध्या से प्रयागराज और नैमिषारण्य के लिए हवाई सेवायें शुरू करने की योजना बना रही है।

इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) वन पर्यावरण, जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन अरुण कुमार सक्सेना ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश दुधवा, पीलीभीत, चूका और कतर्नियाघाट में अपने इको-टूरिज्म केंद्र पर बड़ी संख्या में पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है। सरकार ने अमानगढ़ और रानीपुर में दो नए टाइगर रिजर्व भी अधिसूचित किए हैं। दुधवा और पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या में वृद्धि हो रही है। जिन 10 लोगों से मैं मिलता हूं, उनमें से कम से कम आठ यह बताते हैं कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के जंगलों में बाघ देखा। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि महाकुंभ- 2025 में वर्ष 2019 की तुलना में अधिक पर्यटक आएंगे। यह हमारे राज्य की जैव विविधता को प्रदर्शित करने का एक बड़ा अवसर होगा।’
इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी के सलाहकार श्री अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव, पर्यटन, संस्कृति तथा धर्मार्थ कार्य श्री मुकेश मेश्राम, मंडलायुक्त लखनऊ डॉ0 रोशन जैकब निदेशक, पर्यटन श्री प्रखर मिश्रा सेवाप्रदाता फ्लाई ओला ग्रुप के महानिदेशक और एमडी0 एस0 राम ओला तथा श्री संजय श्रीवास्तव प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन जीव उ0प्र0 सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601