GovernmentReligiousUttar Pradesh

काशी की प्रसिद्ध देव दीपावली, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ होंगे मुख्य अतिथि

वाराणसी में विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली कल शुक्रवार (15 नवंबर) को है। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इस वर्ष लगभग 17 लाख दीपों से गंगा घाट जगमगाएंगे। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी देव दीपावली पूरी भव्यता और दिव्यता के साथ मनाई जाएगी। देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और राज्य सरकार के कई मंत्री उपस्थित रहेंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि देव दीपावली काशी की धरोहर है, जो हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ती है। इस परंपरा का हिस्सा बनकर हम सभी गौरवान्वित महसूस करते हैं। गंगा के विभिन्न घाट दीपों की लड़ियों से जगमगाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्रीन फायर क्रैकर शो, गंगा आरती, लेजर शो आदि विशेष आकर्षण के केन्द्र होंगे।
जयवीर सिंह ने बताया कि देव दीपावली न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है, बल्कि यह विश्व भर के पर्यटकों का भी मन मोह लेती है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी पहुंच रहे हैं। पर्यटकों के ठहरने, भ्रमण करने, दर्शन-पूजन आदि की उत्तम प्रबंध किया गया है। गंगा के घाटों पर दीपों की पंक्तियां एक अविस्मरणीय शोभा का निर्माण करती हैं। देव दीपावली हमारी सांस्कृतिक विरासत एवं गौरवशाली इतिहास का हिस्सा रही है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के पर्यटन में काशी का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस अवसर पर काशी को साफ सुथरा बनाये रखने तथा दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्था करा रही है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में बहुत ही तीव्र गति से वृद्धि हुई हैं। देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था में इसका बड़ा योगदान है।

Related Articles

Back to top button