SportsUttar Pradesh

23वां आदिकवि महर्षि वाल्मीकि टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट

लखनऊ। वाल्मीकि विकास सेवा संस्थान के तत्वावधान में डीपी फाउंडेशन द्वारा आयोजित 23वां आदिकवि महर्षि वाल्मीकि टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में निरालानगर क्लब, लवकुश नगर गौरी वारियर्स व लवकुश नगर स्ट्राइकर्स ने जीत से पूरे अंक हासिल किए। दूसरी ओर विकासनगर क्लब को अपने दोनों मैचों में हार मिली।

चौक स्टेडियम पर पहला मैच निराला नगर क्लब ने 4 विकेट से जीता।  विकासनगर क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 7 विकेट पर 120 रन बनाए। निरालानगर क्लब से समन को चार विकेट की सफलता मिली। जवाब में निरालानगर क्लब ने 9 ओवर में 6 विकेट पर 123 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच ऋषभ ने मात्र 16 गेंदों पर 7 चौके व 3 छक्के से आतिशी 50 रन बनाए। बेस्ट कैच का पुरस्कार निरालानगर के आदर्श को मिला।

दूसरे मैच में लवकुश नगर गौरी वारियर्स ने सचिन एचबी को एकतरफा 10 विकेट से हराया। सचिन एचबी पहले बल्लेबाजी करते हुए 68 रन ही बना सका। लवकुश नगर गौरी वारियर्स से राहुल को तीन विकेट की सफलता मिली। जवाब में लवकुश नगर गौरी वारियर्स ने मैन ऑफ द मैच अविनाश द्वारा 16 गेंदों पर 3 चौके व 7 छक्के से बनाए 58 रन की बदौलत 9 ओवर में बिना नुकसान के 69 रन बनाकर मैच जीत लिया। बेस्ट कैच का पुरस्कार लवकुश नगर गौरी वारियर्स के राहुल को मिला।

तीसरे मैच में लवकुश नगर  स्ट्राइकर्स ने विकासनगर क्लब को 9 विकेट से हराया। विकासनगर क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 127 रन बनाए। तुषार प्रथम ने 30 गेंदों पर 3 चौके व 8 छक्के से 72 रन बनाए। जवाब में लवकुश नगर स्ट्राइकर्स ने 7 ओवर में मात्र एक विकेट  पर 131 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच सिद्धार्थ ने 24 गेंदों पर 4 चौके व 10 छक्के से नाबाद 83 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। बेस्ट कैच का पुरस्कार लवकुश नगर स्ट्राइकर्स के करन को मिला।

मैन ऑफ द मैच लवकुश नगर स्ट्राइकर्स के सिद्धार्थ को वाल्मीकि विकास संस्थान के अध्यक्ष नरेश वाल्मीकि, आयोजन समिति के संरक्षक कमल वाल्मीकि, अध्यक्ष वाल्मीकि अंकित घावरी, महामंत्री आशीष घावरी व उपाध्यक्ष संजय पंडित ने पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर आयोजन समिति के सचिव अतुल घावरी सहित सूरज वाल्मीकि व विशाल चौधरी भी मौजूद थे।                                                                                                                                                                                      

Related Articles

Back to top button