अरविंद केजरीवाल और सीएम हिमंत के बीच शुरू हुई ट्विटर वॉर,जाने क्या बोले दोनों मुख्यमंत्री

हिमंत बिस्वा ने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि आप तो दिल्ली को लंदन और पेरिस जैसा बनाने के वादे के साथ सत्ता में आए थे याद है न केजरीवाल जी? कुछ नहीं कर पाए तो दिल्ली की तुलना असम और नॉर्थईस्ट के छोटे शहरों से करने लगे!
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और असम के सीएम हिमंत विस्वा शरमा के बीच शुरू हुई ट्विटर वॉर रविवार को भी जारी रही। नए ट्वीट वार में असम के मुख्यमंत्री हिंमत बिस्वा ने रविवार को केजरीवाल के प्रस्तावित असम दौरे को लेकर ट्वीट किया।
अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट से उन्होंने ट्वीट करके कहा कि आज आप असम आने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं अरविंद केजरीवाल जी। मुझे दुख और अफसोस है कि आपकी ऐसी इच्छा तब नहीं जागती है, जब हमारे असम के लोग बाढ़ जैसी भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे होते हैं! और हां, आपके उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जी को तो असम से आमंत्रण भेजा ही जा चुका है।

हिमंत बिस्वा ने एक दूसरे ट्वीट में चुटकी लेते हुए कहा कि आप तो दिल्ली को लंदन और पेरिस जैसा बनाने के वादे के साथ सत्ता में आए थे, याद है न केजरीवाल जी? कुछ नहीं कर पाए तो दिल्ली की तुलना असम और नॉर्थईस्ट के छोटे शहरों से करने लगे! यकीन मानिए, दिल्ली जैसा शहर व संसाधन BJP को मिले, तो पार्टी उसे विश्व का सबसे समृद्ध शहर बनाएगी। उनके इस ट्वीट का अरविंद केजरीवाल ने जवाब भी दिया।
एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने कहा कि और सुनिए जब आप असम में होंगे तो मैं आपको हमारे मेडिकल कॉलेजों में ले जाऊंगा जो आपके मोहल्ला क्लीनिक से एक हजार गुना बेहतर हैं। आप हमारे प्रतिभाशाली सरकारी स्कूल के शिक्षकों और छात्रों से भी मुलाकात करिएगा। और हां, आप देश को नंबर एक बनाने की चिंता छोड़ दें, वह मोदी जी कर रहे हैं।
बुधवार को शुरू हुई थी बहस
इंटरनेट मीडिया पर इन दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच बुधवार को ट्विटर वार शुरू हुई थी। पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि स्कूल बंद करना कोई समाधान नहीं है और देश में और स्कूल खोलने की जरूरत है। उन्होंने असम में कुछ स्कूलों को बंद किए जाने का दावा करने वाली एक खबर साझा करते हुए ये ट्वीट किया था। असम के सीएम हिमंत बिस्वा ने कहा कि हमारे यहां के स्कूल जब देखने हो चले आइए।इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा कि हमारे यहां कहावत है। कोई पूछे ‘मैं कब आऊं’ और आप कहें ‘कभी भी आ जाओ’ इसका मतलब होता है ‘कभी मत आओ’। मैंने आपसे पूछा ‘आपके सरकारी स्कूल देखने कब आऊँ’ आपने बताया ही नहीं। बताइए कब आऊं, तभी आ जाऊंगा।

दिल्ली और असम के बीच अंतर
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट हिमंत बिस्वा शरमा की ओर से शुक्रवार को दिए गए एक बयान के बाद किया। हिमंत बिस्वा ने एक के बाद एक सिलसिलेवार ट्वीट किया। इस ट्वीट में उन्होंने दिल्ली और असम के बीच अंतर बताया था।
उन्होंने एक और ट्वीट किया इसमें लिखा कि प्रिय केजरीवाल जी, आपकी अज्ञानता दुखी करने वाली है। मैं आपकी मदद करता हूं। असम दिल्ली से 50 गुना बड़ा है। हमारे 44,521 स्कूलों में 65 लाख छात्र पढ़ते हैं और आपके यहां एक हजार से कुछ ही ज्यादा स्कूल हैं। हमारे यहां दो लाख से अधिक समर्पित शिक्षकों की फौज है और 1.18 लाख मध्याह्न भोजन के कर्मचारी हैं।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601