Uttar Pradesh

वृक्षारोपण जन अभियान-2023 के तहत रोपित पौधो का सिंचन, सुरक्षा व देखभाल कर शतप्रतिशत जीवितता सुनिश्चित की जाए

उत्तर प्रदेश के वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) डॉ. अरूण कुमार सक्सेना वन एवं वन्यजीव विभाग मुख्यालय स्थित पारिजात कक्ष में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। वृक्षारोपण जन अभियान-2023 के अन्तर्गत निर्धारित लक्ष्य 35 करोड़ के सापेक्ष 36 करोड़ से अधिक पौध रोपित करने पर विभागीय अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि रोपित पौधों का सिंचन, सुरक्षा व देखभाल कर शत प्रतिशत जीवितता सुनिश्चित करें।
वन एवं पर्यावरण मंत्री ने वन जमा में उपलब्ध धनराशि, विधायक निधि व सी.एस.आर. मद से प्राप्त धनराशि व क्रय किए गए ट्री गार्ड एवं रोपित पौधों की सुरक्षा हेतु उपयोग किए जा रहे ट्री गार्डों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि मार्गों के किनारे रोपित शत-प्रतिशत पौधों की सुरक्षा हेतु ट्री गार्ड लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि व्यापक संपर्क व संवाद स्थापित कर ट्री गार्ड हेतु विधायक निधि, सी.एस.आर. मद व अन्य स्रोतों से धनराशि प्राप्त करने हेतु प्रयास किए जाएं। डा0 अरूण कुमार सक्सेना ने वृक्षारोपण जन अभियान 2023 के अन्तर्गत रोपित पौधों का सतत् निरीक्षण व सुरक्षा एवं पौधों की आवश्यकतानुसार सिंचाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषकों व मनरेगा कार्ड होल्डरों व अन्य विभागों द्वारा रोपित किए गए पौधों को सुरक्षित रखने हेतु वनाधिकारी सम्बन्धित कृषकों व अन्य विभागों के अधिकारियों को तकनीकी ज्ञान व सलाह उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 तक वर्तमान हरित आवरण में वृद्धि कर 15 प्रतिशत तक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। यह लक्ष्य प्राप्ति समस्त विभागों के सहयोग व रोपित पौधों की जीवितता सुनिश्चित करके ही सम्भव है।
इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, प्रभारी मुख्य वन संरक्षक, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन श्री सुनील कुमार दूबे ने मंत्री श्री अरूण कुमार सक्सेना एवं राज्यमंत्री श्री के.पी. मलिक जी का वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रत्येक स्तर पर सहयोग देने हेतु आभार व्यक्त किया।
समीक्षा बैठक में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री के0पी0 मलिक, प्रधान मुख्य वन संरक्षक और विभागाध्यक्ष श्री सुधीर कुमार शर्मा सहित मुख्यालय स्थित समस्त वरिष्ठ अधिकारियों, समस्त जोनल/मण्डलीय मुख्य वन संरक्षक, वन संरक्षक एवं प्रभागीय वनाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
सम्पर्क सूत्र- रवि यादव

Related Articles

Back to top button
Event Services