GovernmentHaryanaPunjab

पूरे विश्व को गीता उपदेशों के माध्यम से मिल रहा है शांति पथ पर चलने का संदेश – कृष्ण कुमार बेदी

चंडीगढ़, हरियाणा के सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि गीता उपदेश स्थली कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर भगवान श्री कृष्ण ने अवतार के रूप में आकर पूरे विश्व को पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश दिए। पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को जीवन में धारण कर हर समस्या का समाधान संभव हो सकता है। इन्हीं तमाम पहलुओं को जहन में रखकर पूरी मानवता को गीता उपदेशों के प्रति जागरूक करने के लिए ही कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव जैसे कार्यक्रमों का आयोजन सरकार की तरफ से बड़े स्तर पर किया जा रहा है।

        श्री कृष्ण कुमार बेदी आज कुरुक्षेत्र ब्रहमसरोवर के पुरुषोतमपुरा बाग में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड व जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वाधान में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2024 पर आयोजित गीता रन कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी पुरुष वर्ग की 10 किलोमीटर और महिला वर्ग की 5 किलोमीटर दौड़ को हरी झंडी देकर रवाना किया।

श्री बेदी ने पुरुष और महिला वर्ग में पहले 10 स्थानों पर आने वाले खिलाडिय़ों में से दोनों वर्गों में प्रथम स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को 31 हजार रुपए, द्वितीय को 21 हजार रुपए, तृतीय को 11 हजार रुपए और अगले 7 स्थानों पर रहने वाले खिलाडिय़ों को 2100-2100 रुपए की नकद राशि देकर सम्मानित किया।

उन्होंने प्रदेश वासियों को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव-2024 की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार के रूप में कुरुक्षेत्र की धरा पर पहुंचकर महाभारत युद्ध से पहले अर्जुन के माध्यम से पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश दिए। यह उपदेश पूरी मानवता जाति के लिए आज भी पूरी तरह प्रासंगिक है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को और अधिक बढ़ाया है। इस महोत्सव का आयोजन 5 देशों में भी किया जा चुका है और आने वाले समय में इस महोत्सव को और भी बड़े स्तर पर मनाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button