Haryana

137 करोड़ मुआवजा एक सप्ताह में किसानों के खातों में होगा ट्रांसफर : मुख्यमंत्री

धर्मक्षेत्र कुरूक्षेत्र की थानेदार विधानसभा में ‘‘म्हारा हरियाणा, नॉन स्टॉप हरियाणा’’ रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसानों के लिए नॉन स्टॉप घोषणाएं की।
किसानों का सैकड़ों करोड़ का ऋण माफ करने और सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने की घोषणा के साथ मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव का बिगुल बजाया। रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जहां घोषणाओं का पिटारा खोला, वहीं केंद्रीय मंत्री एवं विधानसभा चुनाव के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब तथा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और तीसरी बार भी भाजपा सरकार बनने का दावा किया।
सीएम नायब सैनी ने 133 करोड़ 55 लाख 48 हजार का किसानों का ऋण माफ किया, वहीं 137 करोड़ मुआवजा एक सप्ताह में किसानों के खातों में ट्रांसफर करने की घोषणा की। रैली में भाजपा ने किसानों का दिल जीतते हुए सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कुरूक्षेत्र में करोड़ों रुपये से कराए गए विकास कार्यों को भी गिनवाया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि चुनाव नजदीक है और आज का दिन हमारे लिए विशेष दिन है कि हम धर्मक्षेत्र कुरूक्षेत्र की पावन भूमि से चुनाव अभियान का शंखनाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब हरियाणा की 90 की 90 विधानसभाओं में ‘‘म्हारा हरियाणा, नॉन स्टॉप हरियाणा रैलियों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव सहित सभी गुरूओं की चरणधूली कुरूक्षेत्र की इस पावन भूमि पर पड़ी है। मां सरस्वती के तटों पर वेदों, उपनिषेदों और पुराणों की रचना भी हुई। यहीं पर भगवान श्री कृष्ण ने मानवता के लिए गीता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण के कर्म योग के संदेश को आत्मसात करते हुए 10 सालों में भाजपा सरकार ने लोगों की तकदीर और हरियाणा की तस्वीर बदली है तथा विकास की नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा कि हमने प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का कार्य किया है। प्रदेश के खजाने से निकला हर पैसा पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया है। बिचौलियों की दुकानदारी को भी बंद किया और नौकरियों में जो लोग दलाली का काम करते थे उनकी दुकानदारी खत्म की। उन्होंने कहा कि भय, भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, जाति-पाति, परिवारवाद से प्रदेश को मुक्त करके विकसित हरियाणा का निर्माण किया है। कांग्रेस को घेरते हुए नायब सैनी ने कहा कि कुछ लोग हिसाब लेकर घूम रहे हैं। जिन लोगों की खुद की बही खराब है वे हिसाब मांग रहे हैं।
कांग्रेस पर गरजते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांगेस के समय क्षेत्रवाद पनपता था, निराशा, अविश्वास, भय, कुंठा, भ्रष्टाचार का दंश जनता ने झेला है। 2014 में हरियाणा की जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया और हमारी सरकार ने पुरानी व्यवस्था को समाप्त किया। हमने नेक और बुलंद इरादों से जनता के अविश्वास को विश्वास में बदला, निराशा को आशा में बदलने का काम 10 वर्षों में किया है। हमने गरीबों की पीड़ा को समझा और लोगों के सपनों को साकार किया। नायब सैनी ने कहा कि अब भाजपा शासन में एक नया हरियाणा अपना नया आकार ले रहा है। हमने ऐसे हरियाणा का निर्माण किया जिसमें उद्योग का पहियां तेजी से घूम रहा है। खेतों में भरपूर पैदावार हो रही है, महिलाएं सशक्त हो रही है।

हरियाणा के विकास की चर्चा पूरे देश में हो रही है
नायब सैनी ने कहा कि 10 वर्षों में मजदूरों के जीवन में खुशहाली आई है। ‘‘हरियाणा एक हरियाणवीं एक’’ के भाव से हर क्षेत्र का समान रूप से विकास किया है। प्रदेश में फोर लाइन, सिक्स लाइन, हाइवे और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछा है। बाईपास, ओवर ब्रिज और रेलवे ब्रिज बनाकर यातायात को सुगम किया है। सीएम सैनी ने कहा कि गरीब व्यक्ति को पांच लाख रुपये तक के इलाज की फ्री में व्यवस्था की है। हरियाणा के विकास की चर्चा पूरे देश में हो रही है।
नायब सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने अग्निवीर योजना के तहत सेवा से निवृत होने वाले युवाओं को हरियाणा में 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था हमारी सरकार ने की है। ग्रुप बी और सी में अग्निवीर को 3 वर्ष की आयु में छूट का प्रावधान किया है। 5 लाख रुपये तक बिना ब्याज का ऋण देने की व्यवस्था सरकार ने की है।

40 हजार पदों पर सरकार करेगी जल्द भर्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का सपना साकार करने के लिए सरकार जल्द ही 40 हजार पदों पर नई भर्ती करेगी। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस के समय युवाओं का विश्वास खो चुका था, लेकिन हमारी सरकार ने युवाओं के विश्वास को बढ़ाने का काम किया है। हमारी सरकार ने 1 लाख 41 हजार युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के मैरिट के आधार पर नौकरियां दी है। गरीब व्यक्ति को प्लॉट, मुफ्त बस में यात्रा की व्यवस्था की है। श्री सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने पंचायतों में विकास कार्य की लिमिट को 21 लाख कर दिया है।

बोलने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए

श्री सैनी ने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस नई तकनीक से झूठ फैलाकर राजनीति करने की ताक में है। कांग्रेस ने एक हिसाब मांगों अभियान चलाया हुआ है। हम तो हर वर्ष सरकार की वर्षगांठ पर सरकार की उपलब्धियां लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। भाजपा से हिसाब मांगने की बजाए कांग्रेस के नेताओं को अपनी गिरेबान में झांकना चाहिए।

जिनकी खुद की बही फटी हुई थी वो हिसाब मांगते घूम रहे हैं

श्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार चरम पर था, जिनकी खुद की बही फटी हुई थी वो हिसाब मांगते घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों की जमीन को कौड़ियों के भाव बिल्डरों से देकर लाभ पहुंचाने का काम किया। सीएलयू के नाम पर करोड़ों के घोटाले किए। उन्होंने कहा कि हमारा हिसाब बिना पर्ची और बिना खर्ची के जिन युवाओं ने नौकरी ली है वे देंगे। पांच लाख रुपये तक का इलाज कराने वाले गरीब भाजपा का हिसाब दे देंगे। उन्होंने कहा कि हमारा हिसाब प्रदेश के किसान और बुजुर्ग देंगे जिनके खातों में सीधे पैसे आ रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं के बयानों से ही भ्रष्टाचार की बू आती है : सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस काल्पनिक आंकड़ों पर बेरोजगारी का झूठ फैला रही है। कांग्रेस के नेताओं के पास बोलने के लिए कुछ नहीं होता तो दुष्प्रचार करने लगते हैं। पोर्टल खत्म करने की बात करते हैं। कांग्रेस नेताओं के बयानों से ही भ्रष्टाचार की बूं आती है। कांग्रेस नहीं चाहती कि लोगों के घर बैठे काम हों। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हमारी सरकार मिशन मोड़ पर काम कर रही है। उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि हरियाणा के भविष्य के लिए तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएं।

बॉक्स
ट्रांसफार्मर बदलने पर किसानों से खर्च नहीं लिया जाएगा
कुरुक्षेत्र की नई अनाजमंडी में म्हारा हरियाणा नॉन स्टॉप हरियाणा रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक और बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि खेत में ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर खराब होने पर अगर उसे बदलना पड़ा तो उसका खर्च किसानों से नहीं लिया जाएगा। बिजली निगम अपने खर्चे पर ट्रांसफार्मर बदलेगा।

बॉक्स
सभी किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन मिलेंगे
नायब सैनी ने बताया कि हमने 31 दिसंबर 2023 तक आवेदन करने वाले सभी किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके साथ ही जिन किसानों के ट्यूबवेल पुराने हैं, उन पर सौर ऊर्जा की शर्त लागू नहीं होगी और उन्हें बिजली का कनेक्शन दिया जाए।

बॉक्स

थ्री स्टार मोटर बनाने वाली सभी कंपनियां पैनल में होंगी

नायब सैनी ने कहा कि किसानों की एक और मांग यह थी कि थ्री स्टार की मोटर खरीदने के लिए हरियाणा में सिर्फ 10 कंपनियां हैं। सैनी ने कहा कि आज कुरुक्षेत्र से हम वादा करते हैं कि थ्री स्टार मोटर बनाने वाली सभी कंपनियां अब हरियाणा सरकार के पैनल में होंगी। किसान किसी भी कंपनी का मोटर खरीद सकते हैं।
रैली को विधानसभा चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान, सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, रैली के आयोजक सुभाष सुधा ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button