State NewsUttar Pradesh

राम जनम यादव को बरेली नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी

अलंकार अग्निहोत्री प्रकरण के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए नगर प्रशासन की कमान नए हाथों में सौंपी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शासकीय कार्यहित को ध्यान में रखते हुए अपर उप जिलाधिकारी, सदर राम जनम यादव को प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट, बरेली का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने के आदेश जारी किए हैं।जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी और अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगी। राम जनम यादव अपने वर्तमान पद के दायित्वों के साथ-साथ नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस अतिरिक्त कार्यभार के लिए उन्हें कोई पृथक भत्ता अथवा अतिरिक्त वेतन देय नहीं होगा।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, हाल ही में चर्चित रहे सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री से जुड़े घटनाक्रम के बाद नगर प्रशासन के कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन नगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, राजस्व और प्रशासनिक समन्वय को सुचारु बनाए रखने के लिए कार्यात्मक निरंतरता सुनिश्चित करना चाहता है।अधिकारियों का मानना है कि राम जनम यादव के प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली से नगर क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों के निस्तारण में गति आएगी।जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त, बरेली मंडल को अवलोकनार्थ भेजी गई है। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, सभी अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम एवं द्वितीय, प्रभारी अधिकारी बिल्स (राजपत्रित) कलेक्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए सूचित कर दिया गया है।गौरतलब है कि नगर मजिस्ट्रेट का पद जिला प्रशासन की रीढ़ माना जाता है। ऐसे में राम जनम यादव को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपे जाने को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण और व्यावहारिक निर्णय माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button