विश्व स्वास्थ्य दिवस पर इनर व्हील क्लब का जागरूकता अभियान

वॉकाथॉन व साइकिल रैली के माध्यम से दिया “स्वस्थ जीवन, बेहतर भविष्य” का संदेश
बरेली, संवाददाता।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ ग्लोरी प्लस द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता हेतु एक सार्थक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण वॉकाथॉन एवं बालिकाओं की साइकिल रैली से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के माध्यम से “स्वस्थ जीवन, बेहतर भविष्य” का संदेश दिया गया। यह पहल विशेष रूप से बालिकाओं में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की गई।

इसके पश्चात एक समूह चर्चा आयोजित की गई, जिसमें शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के महत्व पर विचार साझा किए गए। इस अवसर पर डॉ. मधु गुप्ता ने स्वास्थ्य विषय पर प्रेरणादायक वक्तव्य देते हुए नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार एवं सकारात्मक सोच को जीवन का आधार बताया। वहीं वैशाली ने फिटनेस के महत्व को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन अफजा द्वारा सफलतापूर्वक किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मधु गुप्ता, अफजा, अनीता, सुबीता, वैशाली, सुरभि एवं सचिन पाठक सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अनीता, अफजा, सुनीता, सुरभि एवं अनीता भाभी द्वारा तैयार स्वादिष्ट नाश्ते ने सभी का मन मोह लिया।
यह कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।




