बढ़ने लगे कोरोना के मामले! महाराष्ट्र में 66, यूपी में 10 नए संक्रमित, देशभर में अब तक 11 मौतें

देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है। रोजाना कोविड-19 के नए केस सामने आ रहे हैं। बुधवार सुबह तक भारत में कुल 1047 एक्टिव केस दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में 66 और उत्तर प्रदेश में 10 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। वहीं, इस संक्रमण से अब तक कुल 11 लोगों की जान जा चुकी है। कोविड की स्थिति को देखते हुए राज्यों ने तैयारियां तेज कर दी हैं और अस्पतालों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 26 मई तक दिए गए आंकड़ों में बताया गया था कि देश में 1010 सक्रिय केस थे, जो अब बढ़कर 1047 हो गए हैं। महाराष्ट्र में मिले 66 नए मामलों में से 31 केस मुंबई से हैं। राज्य में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 325 हो गई है। मुंबई में बढ़ते मामलों को देखते हुए जे जे अस्पताल में 15 बेड वाला आइसोलेशन वार्ड तैयार कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश में भी बढ़ा संक्रमण का खतरा
यूपी में भी कोविड के मामले बढ़ते दिख रहे हैं। 26 मई तक राज्य में 15 सक्रिय केस थे, जिनमें अब 10 और जुड़ गए हैं। गाजियाबाद में भी मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जिनमें से 13 होम आइसोलेशन में हैं और एक को अस्पताल में भर्ती किया गया है। यहां एक चार महीने का बच्चा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
राजस्थान में भी लौट आया कोरोना का साया
देश के अन्य हिस्सों की तरह राजस्थान में भी कोरोना वायरस फिर से सक्रिय होता दिख रहा है। राज्य में हाल ही में कोविड के 7 नए केस सामने आए हैं। इनमें जोधपुर में भी कई संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें एक नवजात शिशु भी शामिल है। स्थिति को देखते हुए यहां भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601