आज से शुरू होगा भाजपा का तीन दिवसीय सघन सदस्यता अभियान

चंडीगढ़, 7 नवंबर। शुक्रवार से शुरू हो रहे भाजपा के तीन दिवसीय सघन सदस्यता अभियान की सभी तैयारियां पार्टी ने पूरी कर ली है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर उतरकर लोगों को पार्टी की नीतियां बताएंगे और साथ ही पार्टी से जोड़ेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं को प्रदेश भर में 50 लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया है। 8 नवंबर सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री आवास पर एक विशेष कार्यक्रम में सीएम सैनी नए सिरे से सदस्यता ग्रहण कर अभियान का शुभारंभ करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश हैं। भाजपा के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा व लगन के साथ सदस्यता अभियान में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक 4 लाख से अधिक सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि इस सदस्यता अभियान के तहत कार्यकर्ता 50 लाख से अधिक सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य पूरा करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कार्यशालाओं के जरिए सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है। 8, 9 और 10 नवंबर को प्रदेश के सभी कार्यकर्ता, मंत्री, विधायक अपने-अपने क्षेत्र में रहेंगे। उन्होंने कहा कि 8 नवंबर से शुरू होने वाले इस सदस्यता अभियान का संयोजक वेदपाल एडवोकेट को बनाया गया है। भाजपा की पूरी टीम लक्ष्य को पूरा करने के काम में जुट जाएगी।
पंडित मोहनलाल ने कहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यह अभियान धरातल पर पार्टी को और अधिक मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ है और हर बूथ पर कार्यकर्ता 250 से अधिक सदस्य जोड़ने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। श्री बड़ौली ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे घर-घर जाएं और लोगों को मोदी और नायब सरकार की नीतियां बताकर पार्टी से जोड़ें। सभी कार्यकर्ता इस अभियान को पर्व की तरह मनाएं ताकि लोग भाजपा से जुड़ने पर गौरवान्वित महसूस करें।
सदस्यता अभियान के संयोजक वेदपाल एडवोकेट ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। सदस्यता अभियान के लिए कार्यकर्ता उत्साह से लबालब हैं और सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए जुटे हुए हैं। सदस्यता अभियान के बारे में बताते हुए वेदपाल एडवोकेट ने कहा कि 2016 और 2019 के बाद अब 2024 में नए सिरे से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नए सिरे सभी कार्यकर्ता ओर नेता भाजपा की सदस्यता लेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी नए सिरे से सदस्यता लेकर अभियान का श्रीगणेश करेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के निमित होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली, राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम सहित अनेक नेता उपस्थित रहेंगे।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601