जगतपुर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, विराट हिन्दू सम्मेलन में गूँजा एकता का स्वर

बरेली। जगतपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में श्री जागेश्वर नाथ हिन्दू सम्मेलन समिति द्वारा आयोजित ‘भव्य विराट हिन्दू सम्मेलन’ हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भगवा रंग और जयघोष से गुंजायमान रहा। संतों का सानिध्य एवं नन्हे बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष एवं समिति अध्यक्ष जयदीप चौधरी ने मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी शिवानंद जी महाराज को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। संत समाज ने उपस्थित जनसमूह को आशीर्वाद देते हुए सनातन धर्म, सामाजिक समरसता और एकता की महत्ता पर प्रकाश डाला।

सम्मेलन को भव्य स्वरूप देने में समिति उपाध्यक्ष सचिन वर्मा की भूमिका सराहनीय रही। उन्होंने ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का निर्वहन करते हुए आगंतुकों का तिलक लगाकर स्वागत किया। उनके कुशल प्रबंधन और आत्मीय सत्कार की उपस्थित जनसमूह ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक झलकियों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति और हिंदू विरासत के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

समिति संयोजक ठाकुर ओम प्रकाश सिंह और अध्यक्ष जयदीप चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस समागम की अध्यक्षता श्री जय झमनानी ने की। मुख्य वक्ता के रूप में श्री आलोक प्रकाश एवं प्रो. आशा सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, एससी-एसटी आयोग सदस्य उमेश कठेरिया तथा महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
आयोजन को सफल बनाने में सचिव रूपेंद्र पटेल, उपाध्यक्षगण, पार्षदों एवं समिति सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




