वर्ल्ड कैंसर डे पर मरीजों को किया गया जागरूक, बचाव और जांच पर दिया गया जोर


बरेली। वर्ल्ड कैंसर डे के अवसर पर कैंसर के बढ़ते मामलों को लेकर मरीजों और आम लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान कैंसर से बचाव, समय पर जांच और आधुनिक इलाज के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस मौके पर डॉ. प्रेम किशोर जांगिड़ ने कहा कि वर्तमान समय में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसका मुख्य कारण तंबाकू और शराब का सेवन, अनियमित खान-पान, प्रदूषण और जंक फूड है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कैंसर के लक्षणों के बारे में जानकारी देते हुए रेडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका विश्वकर्मा ने बताया कि अचानक वजन कम होना, शरीर में गांठ बनना, लगातार थकान और कमजोरी, दर्द व असहजता तथा खून का बहना या असामान्य स्राव जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब कैंसर लाइलाज बीमारी नहीं रही है। समय पर जांच और सही उपचार से कई मरीज पूरी तरह स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।
डॉक्टरों ने बताया कि कैंसर की रोकथाम के लिए खान-पान, लाइफस्टाइल और पर्यावरणीय आदतों में सुधार बेहद जरूरी है। तंबाकू और शराब से दूरी, 7–8 घंटे की पर्याप्त नींद, तनाव को नियंत्रित करना और नियमित स्वास्थ्य जांच व स्क्रीनिंग कराने से कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।





