खंडवा में दो पार्षदों ने उर्दू, दो ने सिंधी और तीन पार्षदों ने संस्कृत में ली शपथ

खंडवा नगर निगम का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में हुआ। कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने सबसे पहले महापौर अमृता अमर यादव को शपथ दिलाई। महापौर ने संस्कृत में पद की शपथ ली। इसके बाद 50 पार्षदों को पद की शपथ दिलाई गई। इस शपथ विधि में दो पार्षदों ने उर्दू, दो ने सिंधी और तीन पार्षदों ने संस्कृत में शपथ ली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्कृति मंत्री व जिले की प्रभारी मंत्री उषा ठाकुर, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पर्यटन विकास निगम उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, विधायक देवेंद्र वर्मा, राम दांगोरे, नारायण पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के बाद महापौर ने धर्मगुरुओं का आशीर्वाद लिया।
समारोह स्थल पर लहराए तिरंगे झंडे
खंडवा में नगर निगम के शपथ विधि समारोह से पहले आयोजन स्थल पर तिरंगे झंडे लहराकर आजादी के गीत पर उपस्थित लोग झूमते नजर आए। इस दौरान महापौर अमृता अमर यादव ने भी तिरंगा लहराया। शपथ के बाद कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू हुआ। इस कार्यक्रम की शुरुआत में महापौर अमृता यादव और उनके परिवार ने संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर का स्वागत किया।
अन्य खबरों के लिए हमसे फेसबुक पर जुड़ें। आप हमें ट्विटर पर फ़ॉलो कर सकते हैं. हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किसी भी प्रकार के कवरेज के लिए संपर्क AdeventMedia: 9336666601