GovernmentPolitics

खामियों को दूर करके मजबूती से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव – दिग्विजय

चंडीगढ़, 12 जून। जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि जेजेपी जल्द अपने संगठन में बदलाव करके प्रदेश के भविष्य की लड़ाई लड़ने वाला मजबूत संगठन तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को और प्रभावी बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। वे बुधवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से रूबरू थे। लोकसभा चुनाव परिणाम पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी चुनावी नतीजों का आकलन कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जेजेपी द्वारा जो कमियां रही, उसे दुरुस्त किया जाएगा और विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ा जाएगा। दिग्विजय चौटाला ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव देश के मुद्दों से जुड़ा हुआ चुनाव था और जिसमें किसानों-खिलाड़ियों का विरोध, ईडी-सीबीआई की कार्रवाई, मुख्यमंत्रियों को जेल में डालने जैसे विषयों के कारण लोग भाजपा से नाराज थे। उन्होंने कहा कि जनता की भाजपा के नाराजगी के कारण लोकसभा चुनाव सिर्फ दो पार्टियों के बीच में लड़ा गया और लोगों को मजबूरी में कांग्रेस को वोट डालना पड़ा। दिग्विजय ने कहा कि विधानसभा के चुनाव लोकसभा के विपरीत होते है और इसमें स्थानीय मुद्दे हावी होते है।

एक सवाल के जवाब में जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा-जेजेपी गठबंधन टूटने के बाद भाजपा ने जेजेपी को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची और जिसमें भाजपा कामयाब भी हुई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह का बयान “जेजेपी-बीजेपी प्यार से अलग हुई” से जनता के बीच गलत संदेश गया कि ये वापस एक साथ हो सकते है, लेकिन हमारा गठबंधन मुद्दों पर सहमति नहीं बनने के कारण टूटा था। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने हमारे भरोसे का फायदा उठाया लेकिन हम ऐसी राजनीतिक सीख का विश्लेषण करके आगे बढ़ेंगे और लोकसभा चुनाव परिणाम से जनता भी भाजपा की साजिश को समझी है।

जेजेपी छोड़ने वाले नेताओं को लेकर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि ऐसे सत्ता का सुख भोगने वाले दल-बदलू नेताओं के कारण भी जेजेपी को नुकसान पहुंचा क्योंकि नई नवेली जेजेपी ने नए नेताओं पर विश्वास जताया और उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया लेकिन इन्हीं नेताओं ने जेजेपी के साथ विश्वासघात किया। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हम अपने रूठे कार्यकर्ताओं को मनाएंगे और आगे बढ़ेंगे।

Related Articles

Back to top button
Event Services